नेटफ़्लिक्स के रियलिटी शो ‘देसी ब्लिंग’ में ताबिंदा सनपाल का 40 किलो सोना रखने का दावा सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा का विषय बना हुआ है। शो में दुबई में रहने वाले अमीर भारतीयों की जिंदगी, उनकी पार्टियाँ, रिश्ते और राजनीति को दिखाया गया है। ताबिंदा पाकिस्तानी-ब्रिटिश हैं और भारतीय उद्योगपति सतीश सनपाल की पत्नी के रूप में शो में नजर आईं।

शो के शुरुआती सीन में ताबिंदा अपने पति सतीश के पैर सुबह-सुबह दबाती दिखती हैं। ताबिंदा कहती हैं, “जब से मैं अपने पति सतीश के साथ हूँ, मैं हर सुबह उनके पैरों की मालिश करती हूँ। वो किसी राजकुमार की तरह नींद से उठते हैं। हिंदू होने के नाते, वो मानते हैं कि अगर पत्नी रोज़ सुबह पति के पैर छूती है तो बहुत लक्ष्मी आती है।” इस दृश्य ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

‘देसी ब्लिंग’ में ताबिंदा को अलग-अलग नजरिए से देखा गया है। कुछ लोग उन्हें केवल अमीर उद्योगपति की पत्नी मानते हैं, तो कई सफल व्यवसायी या सोशल मीडिया की सक्रिय सोशलाइट के रूप में पहचानते हैं। शो में ताबिंदा के बयानों को कई दर्शकों ने आपत्तिजनक और पुरुषवादी सोच से प्रेरित बताया है।

शो में एक दृश्य के दौरान ताबिंदा की सहेलियाँ, ताबिंदा को बताती हैं कि उनके पति सतीश को कई लड़कियों के साथ देखा गया है। इस पर ताबिंदा शांत रहती हैं और कहती हैं, “सतीश को अच्छा लगता है लड़कियों के साथ टाइम बिताना। मुझे कभी-कभी जलन होती है पर मुझे उस पर भरोसा है। अगर वो हर पार्टी में अलग-अलग लड़कियों के साथ है तो मुझे परेशानी नहीं। अगर वो एक ही लड़की के साथ बार-बार जा रहे हैं, बस तब दिक्कत है क्योंकि एक ही बंदे को बार-बार मिलोगे तो प्यार हो जाएगा।”

शो के प्रसारण के बाद ताबिंदा के विचारों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। साइकॉलोजिस्ट निशा खन्ना का कहना है, “ये दिखाता है कि ताबिंदा को खुद पर ही भरोसा नहीं है। वो पैट्रियार्की या पुरुषवादी सोच की सचाई को स्वीकार कर चुकी हैं। क्या शो में यह सवाल ताबिंदा के पति से पूछा गया कि अगर ताबिंदा इस तरह पार्टियों में जाए और लड़कों से मिले, क्या वो इसे स्वीकार करेगा?”

फिल्ममेकर लक्ष्मी अय्यर ने सोशल मीडिया पर लिखा, “एक रिएलिटी शो पर देखा कि एक पत्नी को कोई दिक्कत नहीं कि उसका पति उसके साथ धोखा कर रहा है, जब तक हर बार अलग-अलग महिला हो। ऐसी (बकवास) बातों को नॉर्मलाइज़ करना बंद करो। वफ़ादार और ईमानदार होना आज भी एक आकर्षक गुण है। सोचिए स्तर कितना गिर गया है कि ओटीटी पर ये स्वीकार्य दिख रहा है।”

दुबई में रहने वाली अनीली ब्रिजलाल ने फेसबुक पर लिखा, “मैं ये स्वीकार करती हूँ कि मुझे शो देखकर मज़ा आया। इसमें काफी ड्रामा है… हर कोई दूसरे की पीठ में छुरा भोंक रहा है। अगला सीज़न लेकर आओ।” एंटरटेनमेंट ब्लॉगर मरिया मोट्स ने भी शो को मनोरंजक और झकझोरने वाला बताया।

‘देसी ब्लिंग’ शो के आलोचक और प्रशंसक दोनों हैं, लेकिन ताबिंदा का 40 किलो सोना और उनके बयानों की वजह से वे लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

PATNAGAR UDAY | SINCE: 2015 by Team Patnagaruday.