हरियाणवी कला जगत की जानी-मानी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही का मंगलवार देर रात निधन हो गया। 30 वर्षीय दिव्यांका सिरोही की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद वह अपने गाजियाबाद स्थित घर में चक्कर खाकर गिर पड़ीं। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौत हो गई।

मंगलवार रात हुई इस घटना की पुष्टि सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों और कलाकारों ने की। दिव्यांका सिरोही हरियाणवी मनोरंजन जगत में अपनी विशिष्ट अदाकारी और कला के लिए जानी जाती थीं। उनके असमय निधन की खबर से हरियाणा सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

हरियाणवी कलाकार करण सिंह चौटाला ने इंस्टाग्राम पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “हरियाणवी कला जगत की प्रतिभाशाली कलाकार एवं उत्कृष्ट अदाकारा दिव्यांका सिरोही के आकस्मिक निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ… ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार एवं उनके चाहने वालों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर दिव्यांका सिरोही के प्रशंसकों और साथी कलाकारों ने भी गहरा दुख जताया। कई यूजर्स ने उनकी तस्वीरों और खबर पर दुखद इमोजी और संवेदना संदेश साझा किए हैं। टीवी चैनल भारतवर्ष की पोस्ट के अनुसार, “हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही की मौत हो गई है। मंगलवार देर रात गाजियाबाद स्थित घर पर उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह चक्कर खाकर जमीन पर गिरीं, जिसमें उनके सिर पर गहरी चोट लगी।”

दिव्यांका सिरोही की असमय मौत से उनके परिवार, प्रशंसकों और हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री को गहरा आघात पहुंचा है। कई कलाकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से दिव्यांका सिरोही के योगदान को याद किया और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

फिलहाल दिव्यांका सिरोही के परिवार या नजदीकी सूत्रों की ओर से कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है। उनके निधन के बाद से ही उनके घर और क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशंसक दिव्यांका सिरोही की यादों और उनके द्वारा निभाए गए किरदारों को सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं।

हरियाणा कला जगत में दिव्यांका सिरोही का नाम प्रतिभाशाली और मेहनती कलाकारों में शामिल था। उनके निधन से इंडस्ट्री को अपूरणीय क्षति हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

PATNAGAR UDAY | SINCE: 2015 by Team Patnagaruday.